IDBI Bank JAM Preparation 2026: बैंकिग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। आईडीबीआई बैंक जूनियर असिस्टेंट मैनेजर के पदों पर भर्तियां करने जा रहा है। सफल होने के लिए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और मेडिकल टेस्ट प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा की तैयारी एक सटीक रणनीति बनाकर करेंगे तो सफलता आसानी से मिल सकती है। कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा में रीजनिंग, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य जागरूकता और गणित से प्रश्न पूछे जाएंगे। ऐसे में रीजनिंग और सामान्य ज्ञान के सटीक उत्तर देकर सफलता पाई जा सकती है।
परीक्षा भवन में इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षा के चरण
यह परीक्षा मुख्य ताैर पर चार चरणों में होगी…
● पहले चरण में लिखित परीक्षा का आयोजन होगा।
● दूसरे चरण में अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच होगी।
● तीसरे चरण में साक्षात्कार का आयोजन होगा।
● चाैथे चरण में उम्मीदवारों की मेडिकल जांच की जाएगी।
चरण-1 : लिखित परीक्षा
● ऑनलाइन परीक्षा 200 अंकों की होगी, जिसमें 200 प्रश्न बहुविकल्पीय प्रकार के होंगे।
● प्रश्न पत्र में तार्किक तर्क, डाटा विश्लेषण एवं व्याख्या से 60 प्रश्न, अंग्रेजी भाषा से 40 प्रश्न, मात्रात्मक योग्यता से 40 प्रश्न, सामान्य ज्ञान/ अर्थव्यवस्था/ बैंकिंग जागरूकता/ कंप्यूटर/ आईटी से 60 प्रश्न होंगे।
● परीक्षा अवधि 120 मिनट की होगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की कटौती की जाएगी।
ऐसे करें विषयवार तैयारी
गणित (मात्रात्मक योग्यता)
इसमें सरल समीकरण, लघुत्तम और महत्तम, दशमलव, प्रतिशत, लाभ और हानि, साधारण ब्याज, चक्रवृद्धि ब्याज, समय और कार्य, समय, गति और दूरी, नाव और धारा, औसत, अनुपात और समानुपात, मिश्रण और आरोप, सरलीकरण, साझेदारी, क्रम परिवर्तन और संयोजन, डाटा व्याख्या, क्षेत्रमिति, वर्ग और घन, वर्गमूल और घनमूल से संबंधित प्रश्न होंगे।
टिप्स : कैलकुलेशन की गति बढ़ाएं
● प्रतिदिन 15 मिनट केवल ‘टेबल्स’ (1-30), ‘स्क्वायर रूट’ (1-50) और ‘क्यूब्स’ (1-20) को दोहराने में बिताएं।
● ‘BODMAS’ नियम को रट लें और प्रतिशत को भिन्न में बदलना सीखें
● प्रतिशत और औसत को अपना आधार बनाएं। यदि ये दो अध्याय पक्के हैं, तो लाभ-हानि और डेटा व्याख्या अपने आप आसान हो जाएंगे।
● पाइप और टंकी के साथ इसके कॉन्सेप्ट को समझें।
● 10वीं स्तर के बुनियादी सूत्र (वृत्त, आयत, वर्ग का क्षेत्रफल और आयतन) याद रखें, क्योंकि यहां से सीधे सूत्र-आधारित प्रश्न आते हैं।
रीजनिंग (तार्किक तर्क,डाटा विश्लेषण एवं व्याख्या)
इसमें समरूपता, समानता, भिन्नता, खाली स्थान भरना, समस्या को सुलझाना, विश्लेषण निर्णय, निर्णायक क्षमता, दृश्य स्मृति, विभेदन क्षमता, पर्यवेक्षण, रक्त संबंध, अवधारणा, अंकगणितीय तर्क, शब्द और आकृति वर्गीकरण, अंकगणितीय संख्या श्रृंखला और डाटा विश्लेषण और व्याख्या से संबंधित संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
टिप्स : सवालों का अभ्यास करें
● रोज कम से कम 5 पहेलियां हल करें। इसमें ‘पॉसिबिलिटी’ (संभावना) वाले दो चित्र बनाकर चलें, ताकि अंत में एक गलत हो जाए और दूसरा सही।
● अक्षर-संख्या श्रृंखला में बाएं-दाएं के नियमों को समझें। यह मुफ्त के नंबर होते हैं, बस नजरें तेज रखनी होती हैं।
● न्याय निगमन में ‘Only a few’ वाले कॉन्सेप्ट को वेन आरेख के जरिए स्पष्ट करें। इसमें उलझने की संभावना ज्यादा होती है।
● कोडिंग-डिकोडिंग में अंग्रेजी वर्णमाला के नंबर (जैसे A=1, Z=26) और उनके विपरीत अक्षर (A-Z, B-Y) याद रखें। इसके लिए ‘EJOTY’ ट्रिक का उपयोग करें।
अंग्रेजी
इस भाग में ग्रामर, टेंस, आर्टिकल्स, प्रिपोजिशन, मॉडल्स, सब्जेक्ट-वर्ब एग्रीमेंट, साइनोनेम्स, एंटोनेम्स, आईडम एंड फ्रेज, कम्प्रिहेंसिव पैसेज, एरर स्पॉटिंग, सेन्टेंस इम्प्रूवमेंट। हिंदी माध्यम के छात्रों के लिए यह खंड थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन रणनीतिक तैयारी से इसे जीता जा सकता है।
टिप्स : भाषा पर पकड़ बनाएं
● रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन : परीक्षा में कहानी आधारित या सामाजिक विषय पर पैसेज आता है। पहले प्रश्नों को पढ़ें, फिर पैसेज को। इससे उत्तर ढूंढने में आसानी होगी।
● व्याकरण : पूरी ग्रामर पढ़ने के बजाय केवल ‘सब्जेक्ट-वर्ब अरेंजमेंट’, ‘टेन्सेज’, और ‘प्रीपोजीशन’ के नियमों पर ध्यान दें। एरर स्पॉटिंग के 70% प्रश्न इन्हीं से आते हैं।
● शब्दावली : पिछले 5 वर्षों के बैंकिंग परीक्षाओं के ‘साइनोनेम्स’ और ‘एंटोनेम्स’ की सूची बनाएं।
● क्लोज टेस्ट: यह आपकी समझ का टेस्ट है। वाक्य के संदर्भ (पॉजिटिव या निगेटिव) को पहचानकर शब्द चुनें।
सामान्य ज्ञान/अर्थव्यवस्था/कंप्यूटर/ आईटी
यह खंड मात्र 10 मिनट में खत्म किया जा सकता है, जो आपको गणित के लिए समय बचाकर देगा। इसमें परीक्षा की तारीख से पिछले 6 महीने का करंट अफेयर्स अनिवार्य है। नियुक्तियां, खेल, पुरस्कार और विशेष रूप से बैंकिंग समाचार पर नजर रखें। आरबीआई के गवर्नर, डिप्टी गवर्नर, मुख्यालय, स्थापना वर्ष और इसके मुख्य कार्यों (जैसे नोट जारी करना, रेपो रेट) के बारे में जानकारी जुटाएं। भारत के राष्ट्रीय उद्यान, हवाई अड्डे, बांध, और राज्यों के लोक नृत्य। इन्हें याद करने के लिए ट्रिक्स का उपयोग करें। साथ ही केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के उद्देश्य और लॉन्च की तारीख याद रखें। इसके साथ ही कंप्यूटर से संबंधित शब्दाबली और शॉर्टकट कमांड याद रखें।
दूसरा चरण : दस्तावेज सत्यापन
इस चरण में अभ्यर्थियों की ओर से आवेदन करने के दौरान दी गई जानकारी का मूल दस्तावजों के आधार पर सत्यापन होगा। अधूरे दस्तावेज या गलत दस्तावेजों के कारण उम्मीदवारों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सकता है। जिन उम्मीदवारों के दस्तावेज सहीं होंगे वे साक्षात्कार के लिए बुलाए जाएंगे।।
टिप्स : प्रमाणपत्रों को तैयार रखें
● सभी मूल प्रमाणपत्र और उनकी स्व–प्रमाणित प्रतियां सही क्रम में तैयार रखें।
● आवेदन में भरी गई जानकारी और प्रमाणपत्रों में नाम, जन्मतिथि व श्रेणी का मिलान कर लें।
● आरक्षण प्रमाणपत्र, पंजीकरण या एनओसी जैसे आवश्यक दस्तावेज़ वैध प्रारूप और समय-सीमा के अनुसार रखें।
तीसरा चरण : साक्षात्कार
● साक्षात्कार में उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि समेत समसामयिक घटनाएं, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मुद्दे, निर्णय क्षमता और तार्किक सोच के अलावा आपकी शिक्षा, कार्य अनुभव, आप बैंकिंग सेवा में क्यों आना चाहते हैं? आदि से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। साक्षात्कार 100 अंकों का होगा।
साक्षात्कार में शामिल होने पहले ये करें
● अपने फॉर्म और विधि के मूल विषयों को अच्छी तरह दोहराएं।
● समसामयिक मुद्दों पर संतुलित और न्यायिक दृष्टिकोण विकसित करें।
● मॉक इंटरव्यू देकर आत्मविश्वास, स्पष्टता और शांत स्वभाव पर काम करें।
चौथा चरण : मेडिकल टेस्ट
● इस चरण में यह देखा जाता है कि कहीं उम्मीदवार को कोई गंभीर बीमारी तो नहीं है और वह मानसिक और शारीरिक तौर पर तंदुरुस्त है। मेडिकल जांच में फिट पाए के बाद उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग लेटर दे दिया जाएगा।
ऐसे करें तैयारी
● रोजना 7–8 घंटे की नींद लें।
● सुबह सैर या हल्का व्यायाम करें ताकि बीपी आदि सही रहे।
● पौष्टिक और संतुलित आहार का सेवन करें
तैयारी के दौरान इन चीजों से बचें
1. गैर-जरूरी किताबें और सामग्री
● बहुत सारी किताबें खरीदकर पढ़ने की कोशिश न करें।
● केवल मानक और भरोसेमंद किताबों पर ध्यान दें।
2. सोशल मीडिया और मोबाइल पर समय न गवाएं
● फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम आदि पर समय बर्बाद न करें।
● पढ़ाई के समय फोन को साइलेंट या डू नॉट डिस्टर्ब मोड में रखें।
3. रटने के बजाय समझने पर ध्यान दें
● सिर्फ याद करने की बजाय सिद्धांत और नियमों को समझें।
● समझकर पढ़ना प्रश्न हल करने में मदद करता है।
4. नकारात्मक सोच और दूसरों से तुलना
● दूसरों से तुलना करने में समय न गवाएं।
● अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहे और सकारात्मक मानसिकता बनाए रखें।
● परीक्षा भवन में हर परीक्षार्थी की अपनी रणनीति होती है। प्रारंभिक परीक्षा में सारा दारोमदार सामान्य अध्ययन पर होता है। इसलिए पेपर में क्या और कैसे करना है, इस पर ज़्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
● इस परीक्षा में हर वर्ष हज़ारों की संख्या में छात्र असफल हो जाते हैं, इसलिए इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। अतः परीक्षार्थियों को यह सलाह दी जाती है कि परीक्षा भवन में प्रवेश करने से पहले एक मुकम्मल रणनीति बनाकर ही जाएं।
● पहली और सबसे ज़रूरी बात सामान्य अध्ययन की परीक्षा अवधि में समय-प्रबंधन की है। ‘परीक्षा’ निश्चित समय-सीमा में अपने ज्ञान-कौशल के प्रदर्शन का ही दूसरा नाम है, इसलिये समय-प्रबंधन परीक्षा का अनिवार्य पहलू है।
● प्रारम्भिक परीक्षा में प्रश्नों की प्रकृति इतनी गहरी और विकल्प इतने जटिल होते हैं कि अंत में समय-प्रबंधन खुद एक चुनौती बन जाता है। इससे निपटने का एक तरीका यह है कि वही प्रश्न हल करें आपकी ज्ञान की सीमा के दायरे में हों।
● जिन प्रश्नों के उत्तर पता न हों या जिन पर उधेड़बुन हो, उन्हें निशान लगाकर छोड़ देना चाहिए। अंत में समय बचे तो उनका उत्तर देने की कोशिश करनी चाहिए, वरना उन्हें छोड़ देने में ही भलाई है।
FAQs (अक्सर पूछे जाने वाले सवाल)
1. आईडीबीआई बैंक जूनियर असिस्टेंट मैनेजर परीक्षा में कितने चरण होते हैं?
इस भर्ती प्रक्रिया में कुल चार चरण होते हैं—लिखित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और मेडिकल टेस्ट। सभी चरणों को सफलतापूर्वक पास करना जरूरी है।
2. लिखित परीक्षा का पैटर्न क्या है?
लिखित परीक्षा 200 अंकों की होती है जिसमें 200 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाते हैं। इसमें रीजनिंग, अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान/बैंकिंग से जुड़े सवाल शामिल होते हैं।
3. क्या परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग होती है?
हाँ, हर गलत उत्तर पर 0.25 अंक (एक चौथाई) की कटौती की जाती है, इसलिए सोच-समझकर जवाब देना जरूरी है।
4. गणित (Quantitative Aptitude) की तैयारी कैसे करें?
गणित के लिए नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है। टेबल्स, स्क्वायर और क्यूब याद रखें, साथ ही प्रतिशत और औसत जैसे बेसिक टॉपिक्स को मजबूत बनाएं।
5. रीजनिंग सेक्शन को आसान बनाने के लिए क्या करें?
रीजनिंग में रोजाना पजल और सीरीज के सवाल हल करें। कॉन्सेप्ट को समझकर अभ्यास करने से इस सेक्शन में अच्छे अंक लाए जा सकते हैं।
6. अंग्रेजी सेक्शन में कमजोर छात्र कैसे तैयारी करें?
अंग्रेजी के लिए बेसिक ग्रामर पर ध्यान दें और रोजाना पढ़ने की आदत डालें। पिछले वर्षों के प्रश्नों को हल करने से काफी मदद मिलती है।
7. सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स कैसे तैयार करें?
पिछले 6 महीनों के करंट अफेयर्स पर फोकस करें, खासकर बैंकिंग और आर्थिक समाचारों पर। रोजाना अपडेट रहना इस सेक्शन में सफलता दिला सकता है।
8. साक्षात्कार (Interview) में किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाते हैं?
इंटरव्यू में आपकी शिक्षा, व्यक्तित्व, करंट अफेयर्स और बैंकिंग क्षेत्र में रुचि से जुड़े प्रश्न पूछे जाते हैं। आत्मविश्वास और स्पष्टता यहां महत्वपूर्ण होती है।
9. दस्तावेज सत्यापन के समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल और कॉपी तैयार रखें। आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों का मिलान जरूर कर लें।
10. परीक्षा में समय प्रबंधन कितना महत्वपूर्ण है?
समय प्रबंधन सबसे अहम है। पहले आसान सवाल हल करें और कठिन सवालों को बाद के लिए छोड़ दें ताकि समय का सही उपयोग हो सके।
Current Patrika संदेश
आईडीबीआई बैंक जूनियर असिस्टेंट मैनेजर परीक्षा एक शानदार अवसर है, लेकिन इसमें सफलता पाने के लिए सही रणनीति, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। यदि आप हर विषय की तैयारी समझदारी से करते हैं और समय प्रबंधन पर ध्यान देते हैं, तो इस परीक्षा को पास करना मुश्किल नहीं है।
ध्यान रखें—कम पढ़ें लेकिन सही पढ़ें, रटने के बजाय समझने पर जोर दें और खुद पर भरोसा बनाए रखें। निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास ही आपको इस मुकाम तक पहुंचाएंगे।